झज्जर जिला नागरिक अस्पताल में फायर फाइटिंग सिस्टम होगा अत्याधुनिक, सुरक्षा व्यवस्था को मिली बड़ी मजबूती : स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव

झज्जर, 5 मई।

हरियाणा की स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने कहा कि प्रदेश सरकार स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार के साथ-साथ अस्पतालों में सुरक्षा व्यवस्था को भी सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। इसी कड़ी में झज्जर जिला नागरिक अस्पताल में फायर फाइटिंग सिस्टम को मजबूत और आधुनिक बनाने के लिए प्रशासनिक एवं वित्तीय मंजूरी प्रदान की गई है। इस परियोजना पर लगभग 271.42 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे।

स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि बजट घोषणा 2026-27 के तहत हरियाणा सरकार ने प्रदेश के जिला अस्पतालों, उपमंडल अस्पतालों और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में अग्निशमन व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए 100 करोड़ रुपये की विशेष योजना शुरू की है। इस पहल का मुख्य उद्देश्य अस्पतालों में सुरक्षा मानकों को बेहतर बनाना और किसी भी आपातकालीन स्थिति में त्वरित बचाव सुनिश्चित करना है।

उन्होंने कहा कि अस्पतालों में हर दिन बड़ी संख्या में मरीज उपचार के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में सुरक्षा व्यवस्था का मजबूत होना बेहद जरूरी है। फायर फाइटिंग सिस्टम के सुदृढ़ होने से अस्पताल परिसर में आगजनी जैसी किसी भी अप्रिय घटना की स्थिति में तुरंत नियंत्रण पाया जा सकेगा और मरीजों, उनके परिजनों व स्वास्थ्य कर्मचारियों की सुरक्षा सुनिश्चित होगी।

आरती सिंह राव ने कहा कि हरियाणा सरकार स्वास्थ्य क्षेत्र में लगातार ऐतिहासिक फैसले ले रही है। प्रदेशभर में स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार, आधुनिक चिकित्सा उपकरणों की उपलब्धता, अस्पतालों के उन्नयन और सुरक्षा व्यवस्थाओं को मजबूत करने के लिए निरंतर कार्य किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य केवल बेहतर इलाज उपलब्ध कराना ही नहीं, बल्कि अस्पतालों में आने वाले हर व्यक्ति को सुरक्षित वातावरण देना भी है। इसी सोच के साथ स्वास्थ्य विभाग स्वास्थ्य संस्थानों में आधारभूत ढांचे को मजबूत करने और आधुनिक सुविधाओं को बढ़ाने की दिशा में तेजी से काम कर रहा है।

स्वास्थ्य मंत्री ने विश्वास जताया कि झज्जर जिला नागरिक अस्पताल में फायर फाइटिंग सिस्टम मजबूत होने से अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था और अधिक सशक्त होगी तथा स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में भी सुधार आएगा। उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार जनता को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *