उपायुक्त महेंद्र पाल ने नीट यूजी परीक्षा केंद्रों का दौरा कर तैयारियों का लिया जायजा

उपायुक्त महेंद्र पाल ने नीट यूजी परीक्षा केंद्रों का दौरा कर तैयारियों का लिया जायजा

हिसार, 01 मई।
उपायुक्त महेंद्र पाल ने जिला में 3 मई को आयोजित की जाने वाली नीट यूजी परीक्षा की तैयारियों के लिए परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने सभी 15 परीक्षा केंद्रों तैयारियों की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को शांतिपूर्ण और पूर्ण पारदर्शिता के साथ परीक्षा सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।


  उपायुक्त ने पुलिस अधीक्षक सिद्धांत जैन, अतिरिक्त उपायुक्त उत्सव आनंद और एसडीएम ज्योति मित्तल के साथ गंगवा स्थित पीएम श्री सीनियर सेकेंडरी तथा गल्र्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल से आरंभ होकर सभी परीक्षा केंद्रों पर जाकर तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने बताया कि नीट यूजी परीक्षा 3 मई को दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक आयोजित की जाएगी। परीक्षा के लिए सुबह 11 बजे से प्रवेश आरंभ हो जाएगा। उपायुक्त ने सेंटर सुपरिटेंडेंट को निर्देश दिए कि परीक्षा केन्द्रों पर मूलभूत सुविधाओं जैसे बिजली, पंखे, जैमर, पेयजल, शौचालय और साफ-सफाई की उचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। लडक़े और लड़कियों की अलग-अलग लाइन लगवाकर एंट्री करवाई जाए और बायोमैट्रिक जांच उपरांत परीक्षा केंद्रों तक भेजा जाए।

उन्होंने स्वयं सीसीटीवी कैमरों की जांच की।


परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था के दिए निर्देश :


उपायुक्त ने निर्देश देते हुए कहा कि परीक्षा का आयोजन पूरी पारदर्शिता, निष्पक्षता और शांति के साथ संपन्न होना चाहिए। उन्होंने कहा कि सभी परीक्षा केंद्रों के आसपास पर्याप्त संख्या में पुलिस जवानों की ड्यूटी लगाई जाए। उन्हें अवगत करवाया गया कि सभी केंद्रों पर 10-10 पुलिसकर्मी लगाए जा रहे हैं।  परीक्षा केंद्रों के आसपास शांति और अनुशासन बनाए रखने के लिए अनावश्यक भीड़ इकट्ठा न होने देने की हिदायत दी गई। सेंटर सुपरिटेंडेंट को निर्देश दिए गए कि अभ्यर्थियों के साथ आने वाले अभिभावकों के लिए परीक्षा केंद्रों के समीप ही बैठने और पेयजल इत्यादि की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने बताया कि परीक्षा केंद्रों पर पुलिस और अन्य सुरक्षा कर्मियों की तैनाती, सुव्यवस्थित प्रवेश प्रक्रिया और परीक्षा के दौरान कड़ी निगरानी सुनिश्चित की जाएगी।


जिले में नीट-यूजी परीक्षा को लेकर 15 केंद्रों के लिए विशेष बसों की व्यवस्था


उपायुक्त महेंद्र पाल ने अवगत करवाया कि जिले में 3 मई 2026 को आयोजित होने वाली नीट-यूजी परीक्षा को लेकर हरियाणा राज्य परिवहन ने परीक्षार्थियों की सुविधा के लिए विशेष प्रबंध किए हैं। उन्होंने बताया कि 15 परीक्षा केंद्रों के लिए अलग-अलग रूट निर्धारित करते हुए विशेष बस सेवाएं संचालित की जाएगी, ताकि विद्यार्थियों को समय पर परीक्षा केंद्र तक पहुंचने और वापस आने में किसी प्रकार की परेशानी न हो।

परीक्षार्थियों को सुबह 9 बजे से दोपहर 2 बजे तक परीक्षा केंद्रों पर पहुंचाने के साथ-साथ परीक्षा समाप्ति के बाद शाम 5 बजे से 7 बजे तक उन्हें वापस लाने की व्यवस्था की गई है। इसके लिए रोडवेज विभाग द्वारा रूटवार बसों का संचालन सुनिश्चित किया जाएगा।


उन्होंने बताया कि जिन परीक्षा केंद्रों के लिए यह व्यवस्था की गई है, उनमें गुरु जम्भेश्वर विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के टीचिंग ब्लॉक-7 और एचएसबी बिल्डिंग, गवर्नमेंट कॉलेज फॉर वुमेन (दिल्ली बाईपास रोड), गुरु दक्ष पॉलिटेक्निक, आर्मी पब्लिक स्कूल मिलिट्री स्टेशन हिसार, पीएम श्री केवी हिसार कैंट, गवर्नमेंट कॉलेज स्थित पीजी एंड कॉमर्स ब्लॉक तथा सावित्री बाई फुले ब्लॉक, चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के कॉलेज ऑफ एग्रीकल्चर व कॉलेज ऑफ कम्युनिटी साइंस, कैंपस स्कूल, पीएम श्री जीएसएसएस गंगवा, गर्ल्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल गंगवा, राजकीय मॉडल संस्कृति सीनियर सेकेंडरी स्कूल जहाजपुल तथा जीएसएसएस पटेल नगर शामिल हैं।


उपायुक्त ने सभी संबंधित अधिकारियों व कर्मचारियों को निर्देश दिए हैं कि वे आपसी समन्वय बनाकर कार्य करें और यह सुनिश्चित करें कि किसी भी परीक्षार्थी को असुविधा न हो। इसके साथ ही बसों की उपलब्धता परीक्षार्थियों की संख्या के अनुसार तय करने के निर्देश भी दिए गए हैं। इसके अलावा टिकट दरें भी निर्धारित की गई हैं, जिनमें हिसार से आर्मी कैंट तक 20 रुपये, गंगवा तक 10 रुपये तथा अन्य परीक्षा केंद्रों के लिए 5 रुपये किराया तय किया गया है।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *