Blog

  • डीसी के संज्ञान में आए पेयजल व क्षतिग्रस्त स्लैब के मामलों पर तुरंत हुई कार्रवाई

    डीसी के संज्ञान में आए पेयजल व क्षतिग्रस्त स्लैब के मामलों पर तुरंत हुई कार्रवाई

    भिवानी, 05 मई। डीसी साहिल गुप्ता द्वारा जनसमस्याओं को तुरंत प्रभाव से संज्ञान लिया जा रहा है। इसी कड़ी में कमला नगर मोड़ स्थित प्रणामी मंदिर के सामने पानी की वॉल्व होदी की क्षतिग्रस्त स्लैब, पाईप लाईन लीकेज तथा हनुमान गेट एवं बिचला बाजार क्षेत्र में पेयजल समस्या के मामले डीसी के संज्ञान में आए। डीसी ने इन समस्याओं के समाधान के लिए जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग को तुरंत प्रभाव से आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।


    डीसी के निर्देशों के बाद जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के कार्यकारी अभियंता कपिल देव अन्य कर्मचारियों के साथ लेकर मौके पर पहुंचे। उन्होंने सर्कुलर रोड स्थित कमला नगर मोड़ के पास वाल्व होदी की जर्जर स्लैब को देखा, जिससे आमजन को परेशानी बनी थी। कार्यकारी अभियंता ने बताया कि स्लैब को पूरी तरह दुरुस्त कर दिया गया है, जिससे आवागमन सुरक्षित हो गया है।


    वहीं हनुमान गेट और बिचला बाजार क्षेत्र में जल आपूर्ति पहले ही बहाल की जा चुकी है, लेकिन जल भंडारण टैंकों में सीमित पानी उपलब्ध होने के कारण विभाग द्वारा राशनिंग प्रणाली लागू की गई है। इसके तहत क्षेत्रवासियों को एक दिन छोडक़र पानी की आपूर्ति की जा रही है ताकि सभी उपभोक्ताओं को न्यूनतम आवश्यक जल उपलब्ध हो सके।विभाग के अनुसार नहर में पानी आने की संभावित तिथि 11 मई 2026 निर्धारित है। नहर में जलापूर्ति पुन: शुरू होते ही संबंधित क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति को पूर्ण रूप से नियमित और सुचारु कर दिया जाएगा।


    बॉक्स
    -चौगान माता क्षेत्र में बदली पाईप लाईन

    सर्कुलर रोड़ के बीच पाईप लाईन लीकेज की शिकायत मिली, जिस पर संबंधित जेई को तकनीकी टीम सहित मौके पर निरीक्षण हेतु भेजा गया। मौके पर जांच में पाया कि क्षेत्र में बिछी हुई पानी की पाइपलाइन में लीकेज की समस्या उत्पन्न हो रही थी। क्षतिग्रस्त पाईपलाइन की सही स्थिति की पहचान की गई, जिसके उपरांत मरम्मत कार्य तुरंत प्रारंभ कर दिया गया।  उक्त क्षेत्र में पाईपलाइन से बार-बार लीकेज की शिकायतें प्राप्त हो रही थीं। चूंकि यह पाईपलाइन चौगान माता मंदिर के नीचे से होकर गुजर रही थी, इसलिए बार-बार मरम्मत हेतु खुदाई करना आवश्यक हो जाता था, जिससे समस्या का स्थायी समाधान संभव नहीं हो पा रहा था।
    समस्या की गंभीरता को देखते हुए विभाग द्वारा इस पाईपलाइन को पूर्ण रूप से बदलने का निर्णय लिया गया। वर्तमान में नई पाइपलाइन डालने का कार्य सफलतापूर्वक पूर्ण कर लिया गया है। नई पाइपलाइन की गुणवत्ता सुनिश्चित करने हेतु आगामी 1-2 दिनों तक इसका परीक्षण किया जाएगा ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि कहीं भी किसी प्रकार का लीकेज शेष न रह जाए। परीक्षण उपरांत संतोषजनक स्थिति पाए जाने पर खुदाई किए गए गड्ढों को भरकर स्थल को समतल कर दिया जाएगा।

  • हरियाणा सरकार ने एचपीजीसीएल के वित्त निदेशक अमित दीवान को किया बर्खास्त

    हरियाणा सरकार ने एचपीजीसीएल के वित्त निदेशक अमित दीवान को किया बर्खास्त

    चंडीगढ़, 4 मई- हरियाणा सरकार ने वित्तीय घोटाले के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए एचपीजीसीएल (हरियाणा पावर जनरेशन कॉरपोरेशन लिमिटेड) के वित्त निदेशक अमित दीवान को बर्खास्त कर दिया है। उन्हें हरियाणा राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो द्वारा 18 मार्च को गिरफ्तार कर लिया गया था जिसके बाद से वे सस्पेंड चल रहे थे।

    सरकारी प्रवक्ता ने बताया कि आईडीएफसी फर्स्ट बैंक तथा एयू स्मॉल फाइनेंस बैंकों के खातों के संचालन में अनियमितता तथा धोखाधड़ी के मामले में सरकार के आदेश पर हरियाणा राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो द्वारा एफआईआर दर्ज करवाते हुए इस मामले की जांच शुरू की गई थी।

    इस मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 (संशोधित 2018) तथा भारतीय न्याय संहिता, 2023 की विभिन्न धाराओं के तहत दर्ज किया गया था। जांच में सरकारी धन के दुरुपयोग, आपराधिक साजिश और धोखाधड़ी जैसे गंभीर आरोप सामने आए हैं। जांच में खुलासा हुआ है कि यह मामला एक सुनियोजित और बहु-स्तरीय वित्तीय घोटाले से जुड़ा है, जिसमें सरकारी प्रक्रियाओं में हेरफेर कर फर्जी बैंकिंग लेन-देन के माध्यम से सरकारी धन को आरोपी एवं उनके सहयोगियों से जुड़ी संस्थाओं और खातों में स्थानांतरित किया गया।

    इस मामले की जांच में यह स्पष्ट हुआ कि अमित दीवन ने अपने आधिकारिक पद का दुरुपयोग करते हुए आरोपित व्यक्तियों एवं बैंक अधिकारियों के साथ संबंध स्थापित किए और एचपीजीसीएल के हितों से समझौता कर अनुचित लाभ प्राप्त किया। अतः उक्त दोषी अधिकारी का आचरण पावर यूटिलिटीज के हितों के प्रतिकूल पाया गया है। इसके मद्देनजर सरकार द्वारा अमित दीवान को सरकारी सेवा से बर्खास्त कर दिया गया है।

    प्रवक्ता ने बताया कि बैंक खातों के संचालन में अनियमितता तथा धोखाधड़ी के इस मामले की जांच अब हरियाणा सरकार द्वारा सीबीआई को सौंप दी गई है।

  • मिशन कर्मयोगी से मिलेगी क्षमता निर्माण ढांचे को मजबूती

    मिशन कर्मयोगी से मिलेगी क्षमता निर्माण ढांचे को मजबूती

    चंडीगढ़, 04 मई- हरियाणा सरकार मिशन कर्मयोगी को क्षमता निर्माण ढांचे की मजबूती का माध्यम बनाने जा रही है। इसके लिए सरकार ने सभी प्रशासनिक सचिवों से विभागों में कार्यरत कर्मचारियों की कैडर-वार भूमिकाओं और कार्य से जुड़ी जिम्मेदारियों की विस्तृत जानकारी मांगी है।

    मुख्य सचिव श्री अनुराग रस्तोगी द्वारा जारी एक पत्र के अनुसार, राज्य सरकार सुव्यवस्थित, सतत और परिणामोन्मुखी  प्रशिक्षण प्रणाली विकसित करने की दिशा में कार्य कर रही है। इसके साथ ही आईजीओटी कर्मयोगी प्लेटफॉर्म के माध्यम से डिजिटल लर्निंग को बढ़ावा देने पर भी विशेष जोर दिया जा रहा है।

    राज्य के शीर्ष प्रशिक्षण संस्थान हरियाणा लोक प्रशासन संस्थान (हिपा) को क्षमता निर्माण पहलों के क्रियान्वयन के लिए नोडल एजेंसी नामित किया गया है।

    पत्र में कहा गया है कि हिपा ने आवश्यकता-आधारित क्षमता निर्माण योजनाएं तैयार करने के लिए सभी विभागों से प्रत्येक श्रेणी के कर्मचारियों की भूमिकाओं और कार्य-दायित्वों से संबंधित विस्तृत आंकड़े उपलब्ध कराने का अनुरोध किया है। इस जानकारी के आधार पर लक्षित प्रशिक्षण मॉड्यूल तैयार किए जा सकेंगे और शासन व्यवस्था की दक्षता में सुधार होगा।

    सभी विभागों को निर्देश दिए गए हैं कि वे आवश्यक जानकारी यथाशीघ्र हिपा को उपलब्ध कराएं ताकि आवश्यकता-आधारित क्षमता निर्माण योजनाओं को अंतिम रूप दिया जा सके।

  • बड़ी खबर | महज 8 वर्ष की अंतरराष्ट्रीय योगा स्टार वान्या शर्मा बनीं सम्मान की शान, तब्बू के हाथों मिला प्रतिष्ठित अवॉर्ड

    बड़ी खबर | महज 8 वर्ष की अंतरराष्ट्रीय योगा स्टार वान्या शर्मा बनीं सम्मान की शान, तब्बू के हाथों मिला प्रतिष्ठित अवॉर्ड

    📍 नई दिल्ली | 03 मई 2026

    राजधानी नई दिल्ली में आयोजित प्रतिष्ठित नेशनल अचीवर्स अवॉर्ड्स 2026 समारोह में महज 8 वर्ष की अंतरराष्ट्रीय योगा स्टार वान्या शर्मा को उनके अद्भुत योगदान और वैश्विक उपलब्धियों के लिए सम्मानित किया गया। यह आयोजन एक भव्य और सितारों से सजी शाम के रूप में देखने को मिला, जिसमें कई प्रतिष्ठित हस्तियों की उपस्थिति रही।

    इस खास अवसर पर बॉलीवुड की प्रसिद्ध अभिनेत्री तब्बू मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। उनके हाथों सम्मान प्राप्त करना वान्या शर्मा के लिए एक गर्वपूर्ण और अविस्मरणीय क्षण बना। मंच पर वान्या की उपलब्धियों की सराहना करते हुए उन्हें विशेष रूप से सम्मानित किया गया।

    कम उम्र में ही योग के क्षेत्र में असाधारण पहचान बना चुकी वान्या शर्मा आज अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का नाम रोशन कर रही हैं। वे अब तक 18 वर्ल्ड रिकॉर्ड्स अपने नाम कर चुकी हैं और कई अंतरराष्ट्रीय मंचों पर योग का प्रदर्शन कर चुकी हैं।

    समारोह के दौरान आयोजकों ने वान्या शर्मा को “प्रिंसेस ऑफ वर्ल्ड योगा ग्रेस” की उपाधि से भी नवाजा, जो उनके समर्पण, अनुशासन और निरंतर प्रयास का प्रतीक है।

    👉 वान्या शर्मा की यह उपलब्धि न केवल उनके परिवार बल्कि पूरे देश के लिए गर्व का विषय है। उनकी सफलता यह संदेश देती है कि छोटी उम्र में भी बड़े सपनों को साकार किया जा सकता है, यदि मेहनत और समर्पण सच्चे मन से किया जाए।

    ✨ वान्या की यह उपलब्धि आने वाली पीढ़ियों के लिए एक प्रेरणा है और भारत को विश्व स्तर पर गौरवान्वित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

  • सीजेएम पवन कुमार ने बाल सेवा आश्रम, सखी वन स्टॉप सेंटर और नशा मुक्ति केंद्र का औचक निरीक्षण कर लिया व्यवस्थाओं का जायजा

    सीजेएम पवन कुमार ने बाल सेवा आश्रम, सखी वन स्टॉप सेंटर और नशा मुक्ति केंद्र का औचक निरीक्षण कर लिया व्यवस्थाओं का जायजा

    भिवानी, 04 मई। जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण के चेयरमैन एवं जिला एवं सत्र न्यायाधीश डी.आर. चालिया के निर्देशानुसार मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी (सीजेएम)-कम-सचिव पवन कुमार ने सोमवार को जिले के बाल सेवा आश्रम, सखी वन स्टॉप सेंटर और नशा मुक्ति केंद्र का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने दोनों संस्थानों में उपलब्ध सुविधाओं, उपचार प्रक्रियाओं, परामर्श सेवाओं तथा पुनर्वास व्यवस्थाओं का गहनता से जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।


    बाल सेवा आश्रम के निरीक्षण के दौरान सीजेएम ने बच्चों के आवास, भोजन, स्वास्थ्य, शिक्षा और सुरक्षा से जुड़ी व्यवस्थाओं की विस्तारपूर्वक समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि आश्रम में रह रहे बच्चों को स्वच्छ, सुरक्षित और सकारात्मक वातावरण उपलब्ध कराया जाए, ताकि उनके समग्र विकास को सुनिश्चित किया जा सके।इसके उपरांत सखी वन स्टॉप सेंटर का निरीक्षण करते हुए पवन कुमार ने महिलाओं के लिए उपलब्ध चिकित्सकीय सहायता, कानूनी परामर्श, मनोवैज्ञानिक काउंसलिंग, अस्थायी आवास और पुनर्वास सेवाओं की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि पीड़ित महिलाओं को त्वरित, संवेदनशील और गोपनीय सहायता प्रदान की जाए तथा उनकी गरिमा और सम्मान का विशेष ध्यान रखा जाए। सीजेएम पवन कुमार ने कहा कि बाल सेवा आश्रम और सखी वन स्टॉप सेंटर समाज के कमजोर वर्गों के संरक्षण और सशक्तिकरण के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण संस्थान हैं। इन केंद्रों की व्यवस्थाओं को मजबूत और प्रभावी बनाए रखना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है।



    – सीजेएम पवन कुमार ने नशा मुक्ति केंद्र के निरीक्षण के दौरान यहां उपलब्ध व्यवस्थाओं, उपचार प्रक्रियाओं, चिकित्सकीय परामर्श सेवाओं तथा पुनर्वास सुविधाओं का बारीकी से जायजा लिया और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने नशा मुक्ति केंद्र में भर्ती मरीजों से व्यक्तिगत रूप से बातचीत कर उनके इलाज, दैनिक दिनचर्या, परामर्श सत्रों की प्रभावशीलता और भविष्य की योजनाओं के बारे में जानकारी ली। उन्होंने कहा कि नशा केवल एक व्यक्ति की समस्या नहीं, बल्कि पूरे परिवार और समाज को प्रभावित करने वाली गंभीर सामाजिक बुराई है। नशे की लत व्यक्ति को मानसिक, शारीरिक और सामाजिक रूप से कमजोर बना देती है। उन्होंने कहा कि नशा मुक्ति केंद्र समाज के पुनर्निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि नशा मुक्ति केवल दवाइयों से संभव नहीं है, बल्कि इसके लिए नियमित चिकित्सकीय परामर्श के साथ-साथ परिवार के सहयोग की भी आवश्यकता होती है। उन्होंने निर्देश दिए कि मरीजों को समय पर चिकित्सा सुविधा, संतुलित आहार, स्वच्छ वातावरण और प्रभावी काउंसलिंग उपलब्ध कराई जाए।

  • बैंक घोटाले के जिम्मेदार बड़े अधिकारियों और एजेंटों पर जल्द और सख्त कार्रवाई करे सरकार – दुष्यंत चौटाला

    बैंक घोटाले के जिम्मेदार बड़े अधिकारियों और एजेंटों पर जल्द और सख्त कार्रवाई करे सरकार – दुष्यंत चौटाला

    चंडीगढ़, 4 मई। पूर्व उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने कहा है कि तीन बैंकों में हुए हजारों करोड़ रुपये के सरकारी धन की हेराफेरी के मामले में कई वरिष्ठ अधिकारी और सरकार से जुड़े लोग शामिल हैं लेकिन उन पर कोई कार्रवाई नहीं हो रही है। सोमवार को हरियाणा सचिवालय की आठवीं मंजिल से कूदकर एक सरकारी कर्मचारी की आत्महत्या के मामले को उन्होंने अफसोसजनक बताया और कहा कि उचित कार्रवाई ना होने की वजह से छोटे कर्मचारी भारी दबाव में हैं और जान गंवा रहे हैं।

    पूर्व डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला ने कहा कि आईडीएफसी फर्स्ट, एयू स्माल फाइनेंस और कोटक महिंद्रा बैंक में जमा हरियाणा सरकार के हजारों करोड़ रुपये के गलत इस्तेमाल और गबन में वरिष्ठतम अधिकारी और सरकार से जुड़े लोग शामिल हैं। उन्होंने कहा कि जहां मामले से जुड़े वरिष्ठतम अधिकारियों को सिर्फ सस्पेंड या ट्रांसफर किया गया है, वहीं 4 मध्यम स्तर के अधिकारियों को सरकारी नौकरी से टर्मिनेट कर दिया गया है और गिरफ्तार कर लिया गया है। दुष्यंत चौटाला ने कहा कि सरकार बड़े अफसरों पर कार्रवाई के लिए मंजूरी लेने का बहाना बनाकर उन्हें बचने का अवसर दे रही है जबकि सत्तारूढ़ पार्टी से जुड़े निजी व्यक्तियों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं कर रही जो बैंकों और सरकारी विभागों के बीच कड़ी का काम करते रहे। उन्होंने कहा कि सोमवार को जान गंवाने वाले कर्मचारी के खिलाफ भी जांच चल रही थी जबकि बहुत से रसूखदार आज भी खुले घूम रहे हैं।

    दुष्यंत चौटाला ने कहा कि हरियाणा सचिवालय से पिछले कुछ महीनों में तीन लोग गिरकर या कूदकर अपनी जान गंवा चुके हैं। उन्होंने राज्य सरकार और लोक निर्माण विभाग से इस ओर ध्यान देने को कहा और मांग की कि सचिवालय की बालकनियों में सुरक्षा इंतजाम की समीक्षा की जानी चाहिए।

  • फरीदाबाद के पल्ला सेहतपुर में बनेगा अत्याधुनिक अर्बन हेल्थ सेंटर, 22.33 करोड़ रुपये की मंजूरी

    फरीदाबाद के पल्ला सेहतपुर में बनेगा अत्याधुनिक अर्बन हेल्थ सेंटर, 22.33 करोड़ रुपये की मंजूरी

    फरीदाबाद, 4 मई।
    हरियाणा सरकार प्रदेश में स्वास्थ्य सुविधाओं को और अधिक मजबूत बनाने की दिशा में लगातार बड़े कदम उठा रही है। इसी कड़ी में फरीदाबाद जिले के गांव पल्ला सेहतपुर में नए अर्बन हेल्थ सेंटर के निर्माण को प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की गई है। इस परियोजना पर लगभग 22.33 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।

    प्रदेश की स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने जानकारी देते हुए बताया कि इस अर्बन हेल्थ सेंटर के निर्माण से क्षेत्र के हजारों लोगों को बेहतर और समयबद्ध स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिलेगा। खासतौर पर ग्रामीण और आसपास के शहरी क्षेत्रों के लोगों को इलाज के लिए दूर-दराज के बड़े अस्पतालों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा।

    उन्होंने कहा कि इस स्वास्थ्य केंद्र के शुरू होने से प्राथमिक और सामान्य स्वास्थ्य सेवाएं स्थानीय स्तर पर उपलब्ध होंगी, जिससे मरीजों को समय पर उपचार मिल सकेगा और बड़े सरकारी अस्पतालों पर मरीजों का दबाव भी कम होगा। प्रदेशभर में नए स्वास्थ्य संस्थानों की स्थापना, आधुनिक चिकित्सा उपकरणों की उपलब्धता और स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

    उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य है कि प्रदेश के हर नागरिक को उसके क्षेत्र में ही बेहतर, सुलभ और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं मिलें। पल्ला सेहतपुर में बनने वाला यह अर्बन हेल्थ सेंटर इसी सोच का हिस्सा है, जो आने वाले समय में क्षेत्र की स्वास्थ्य सेवाओं में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

  • समाधान शिविर औपचारिकता नहीं, बल्कि जनसेवा का माध्यम  : एसडीएम

    समाधान शिविर औपचारिकता नहीं, बल्कि जनसेवा का माध्यम  : एसडीएम

    बेरी, (झज्जर)  04 मई।  बेरी स्थित लघु सचिवालय में सोमवार को एसडीएम रेणुका नांदल की अध्यक्षता में समाधान शिविर का आयोजन किया गया। समाधान शिविर में एसडीएम ने आमजन की समस्याएं सुनते हुए समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए।


    इस दौरान एसडीएम रेणुका नांदल ने संबंधित विभागाध्यक्षों को निर्देश दिए कि जो शिकायतें दोबारा खुली हैं, उनके कारणों की जांच की जाए और उनका गुणवत्तापूर्ण निपटान किया जाए। उन्होंने कहा कि विभागाध्यक्ष स्वयं ऐसी शिकायतों पर संज्ञान लें और शिकायतकर्ता की संतुष्टि को ध्यान में रखते हुए समाधान करवाएं, ताकि वही शिकायत दोबारा न खुले।


    उन्होंने कहा कि आमजन प्रशासन पर विश्वास करके अपनी समस्याएं लेकर आते हैं, इसलिए प्राथमिकता के आधार पर लोगों की छोटी से छोटी समस्या का भी समाधान किया जाना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि समाधान शिविर को केवल औपचारिकता न मानते हुए जनसेवा का माध्यम समझें और हर शिकायत का समयबद्ध व स्थायी समाधान सुनिश्चित करें।  उन्होंने आमजन से अपील की कि वे अपनी समस्याओं के समाधान के लिए निर्धारित दिन पर समाधान शिविर में पहुंचे और अपनी शिकायत दर्ज करवाएं।


    इस दौरान मार्किट कमेटी के चेयरमैन राजेन्द्र शर्मा,एसडीओ डॉ ऋषिपाल,एआईपीआरओ डॉ अश्वनी शर्मा,बीएओ डॉ अशोक रोहिल्ला,बिजली निगम से जेई अनिल कुमार,क्रीड से दीपक,विवेक कुमार,मंजीत सिंह  सहित अनेक अधिकारीगण उपस्थित रहे।

  • बैकयार्ड कुक्कुट इकाई योजना : ग्रामीण युवाओं के लिए स्वरोजगार में सहायक

    बैकयार्ड कुक्कुट इकाई योजना : ग्रामीण युवाओं के लिए स्वरोजगार में सहायक

    सिरसा, 4 मई।
    ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के अवसर बढ़ाने के उद्देश्य से पशुपालन एवं डेयरी विभाग, हरियाणा द्वारा बैकयार्ड कुक्कुट इकाई योजना संचालित की जा रही है। यह योजना विशेष रूप से बेरोजगार ग्रामीण युवाओं के लिए लाभकारी साबित हो रही है, जिससे वे कम लागत में अपना स्वरोजगार शुरू कर सकते हैं।


    योजना का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण युवाओं को आत्मनिर्भर बनाना, उनके लिए आय के स्थायी स्रोत तैयार करना तथा सामाजिक-आर्थिक उत्थान में योगदान देना है। इसके साथ ही योजना के माध्यम से लाभार्थियों और उनके परिवार के सदस्यों को पौष्टिक आहार उपलब्ध कराकर उनके स्वास्थ्य में सुधार लाने पर भी विशेष जोर दिया जा रहा है।


    इस योजना के तहत विभाग द्वारा लाभार्थियों को हिसार स्थित राजकीय पोल्ट्री हैचरी से चेब्रो नस्ल के कुक्कुट पक्षी उपलब्ध करवाए जाते हैं। प्रत्येक पात्र परिवार को 8 से 10 दिन के 50 चूजे नि:शुल्क दिए जाते हैं। इसके अलावा, कुक्कुट पालन को सुचारू रूप से संचालित करने के लिए दो वाटर ड्रिंकर और दो फीडर भी मुफ्त प्रदान किए जाते हैं। इसके स्कीम के तहत आवेदक की उम्र 18 से 60 के बीच होनी चाहिए तथा हरियाणा का निवासी हो। इस स्कीम में अनुसूचित जाति, अन्य जाति के जरूरतमंद परिवार, बीपीएल परिवार व अन्य भूमि रहित खेती करने वाले लोग ऑनलाइन सरल पोर्टल पर आवेदन कर सकते है।


    पशुपालन एवं डेयरी विभाग के उप निदेशक डा. सुखविंद्र सिंह ने बताया कि यह योजना कम संसाधनों में अधिक लाभ देने वाली है और ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार सृजन के साथ-साथ पोषण स्तर सुधारने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। उन्होंने इच्छुक लाभार्थियों से अपील की है कि वे इस योजना का अधिक से अधिक लाभ उठाकर आत्मनिर्भर बनें।

    म्हारी योजना कॉलम के लिए

  • लघु सचिवालय में आयोजित जिला स्तरीय समाधान शिविर में सीटीएम अंकित कुमार ने सुनी नागरिकों की समस्याएं

    लघु सचिवालय में आयोजित जिला स्तरीय समाधान शिविर में सीटीएम अंकित कुमार ने सुनी नागरिकों की समस्याएं

    फरीदाबाद, 04 मई।
    हरियाणा सरकार के निर्देशानुसार जिला प्रशासन द्वारा आयोजित किए जा रहे ‘समाधान शिविर’ आमजन के लिए वरदान साबित हो रहे हैं। इसी कड़ी में आज सोमवार को सेक्टर-12 स्थित लघु सचिवालय के सभागार में समाधान शिविर का सफल आयोजन किया गया। उपायुक्त (डीसी) आयुष सिन्हा के मार्गदर्शन में आयोजित इस शिविर की अध्यक्षता नगराधीश (सीटीएम) अंकित कुमार ने की।

    सीटीएम अंकित कुमार ने समाधान शिविरों की प्रभावशीलता को और बेहतर बनाने के लिए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। उन्होंने कहा कि समाधान शिविरों में नागरिकों की ओर से सबसे अधिक समस्याए परिवार पहचान पत्र आईडी में आय संबंधी त्रुटियों और नए सदस्य जोड़ने से जुड़ी सामने आई हैं। इसके अलावा राशन कार्ड, अवैध अतिक्रमण, पुलिस और बिजली विभाग से संबंधित शिकायतें भी प्राप्त हुई हैं। उन्होंने बताया कि इन सभी मुद्दों के त्वरित निपटान के लिए सम्बंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं, ताकि लोगों को शीघ्र राहत मिल सके।

    सीटीएम अंकित कुमार ने बताया कि प्रदेश सरकार और जिला प्रशासन हमेशा नागरिकों की सहायता के लिए तत्पर हैं और जनहित में यह पहल निरंतर जारी रहेगी। इसी क्रम में आमजन से अपील की गई है कि यदि किसी नागरिक को स्वास्थ्य, शिक्षा, प्रॉपर्टी आईडी, परिवार पहचान पत्र, भूमि पंजीकरण, समाज कल्याण पेंशन, राशन कार्ड, स्थानीय निकायों से नो-ड्यूज प्रमाण पत्र, नगरपालिका द्वारा नक्शा पास करवाने, बिजली, सिंचाई, सार्वजनिक स्वास्थ्य या आपराधिक शिकायतों से संबंधित किसी भी प्रकार की परेशानी हो तो वह निःसंकोच समाधान शिविर में आकर अपनी शिकायत दर्ज कराए।

    सीटीएम अंकित कुमार ने बताया कि जिला प्रशासन हर सोमवार और वीरवार को सुबह 10 से 12 बजे तक लघु सचिवालय में जनता की समस्याएं सुनकर त्वरित समाधान सुनिश्चित कर रहा है। उन्होंने कहा कि शिकायत समाधान शिविरों में नागरिकों की भागीदारी सरकार और प्रशासन पर उनके भरोसे को दर्शाती है।

    समाधान शिविर में  सभी संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।